राज्य सड़क निधि से सामान्य मरम्मत के लिए जारी हुआ सात करोड़
अमर उजाला ने जिले की दो सड़कों के मरम्मत का उठाया था मुद्दा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार। बिहार (पश्चिमी चंपारण) को जोड़ने वाले मुख्य जिला मार्ग कसया-तमकुही मार्ग का सामान्य मरम्मत और नवीनीकरण के लिए राज्य सड़क निधि से धनराशि स्वीकृति हुई है। इस सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों से राहगीरों को हो रही समस्या की खबर अमर उजाला ने प्रकाशित किया था। क्षेत्र की व्यस्ततम सड़कों में शामिल इस सड़क पर छह से अधिक दुर्घटना बहुल क्षेत्र हैं। इसके मरम्मत के लिए साढ़े सात करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। शासन की तरफ से धनराशि मिलने पर लोक निर्माण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है।
कसया-तमकुही मार्ग की कुल दूरी 35 किलोमीटर है। यह सड़क बभनौली, राजापाकड़, गुरवलिया, तुर्कपट्टी होते हुए सपहां, प्रेमनगर व कसया को जोड़ती है। बिहार के ठकरहा, मलाही टोला, अहिरौलीदान आदि दियारा क्षेत्र के लोग बड़े शहरों में जाने के लिए इसी सड़क से आवागमन करते हैं।
इस सड़क का निर्माण तत्कालीन लोक निर्माण विभाग मंत्री शिवपाल सिंह यादव के आदेश पर हुआ था। सड़क बनने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क पर सफेद पट्टी, संकेतक आदि नहीं लगाए, जिससे हादसे होते रहते हैं। सपहा, नोनिया पट्टी, प्रेमनगर आदि जगहों पर सड़कें पूरी तरह टूट चुकी थी।
..
टू लेन बन सकता है तमकुही-कसया सड़क
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की मानें तो जिला मुख्य मार्ग (एमडीआर) कसया-तमकुही की सूरत और बदल सकती हैं। इसके लिए शासन स्तर से योजना बनाई जा रही है। सड़क के लिए जल्द प्रस्ताव के स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। वहीं स्टेट हाईवे एवं हाईवे के चौड़ीकरण पर विभाग योजना बना रहा है।
...
कोट
यह सड़क जिले के साथ ही पड़ोसी प्रदेश बिहार के लिए जीवनदायिनी है। इससे जिले के सैकड़ों राहगीर गोरखपुर एवं बड़े शहरों की ओर प्रतिदिन आवागमन करते हैं।
- पीएन पाठक, विधायक, कुशीनगर
...
सड़क के नवीनीकरण एवं मरम्मत के लिए धन स्वीकृत हुआ है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द इस सड़क पर अवमुक्त हुए धन के अनुसार कार्य कराए जाएंगे। गड्ढों को भरने के साथ ही सड़क के सभी ब्लैक स्पॉट को दूर कर राहगीरों की यात्रा को सुगम बनाने का प्रयास है।
- मृत्युंजय कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग