कप्तानगंज। नौ करोड़ की लागत से बने अग्निशमन केंद्र का सीएम योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को वर्चुअल लोकार्पण किया। प्रदेश के 25 जिलों में 34 अग्निशमन केंद्रों के साथ कप्तानगंज अग्निशमन केंद्र का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण लोगों ने देखा। सीएम ने आग से बचाव के लिए किए गए प्रयास और इंतजाम को विस्तार से बताया। आगलगी की घटना से बचाव में अब लोगों को काफी हद तक मदद मिलेगी। वहीं, हाटा और कसया में बन रहे अग्निशमन केंद्र का निर्माण भी अंतिम चरण में है। दोनों अग्निशमन केंद्र बन जाने के बाद जिले के लोगों को आगलगी पर काबू पाने में और आसानी होगी।
वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि सात वर्ष पूर्व एक गांव की आग बुझती नहीं कि दूसरे गांव में आग लग जाती थी। कुशीनगर जिले में फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं खाली रहती थी तो पड़ोसी जिला महाराजगंज से गाड़ियां मंगाई जाती थीं। जब तक गाड़ियां आती थीं तो केवल राख ही बची रहती थी। इसके चलते लोगों का घर और फसल बर्बाद हो जाती थी। लेकिन, जब से योगी सरकार आई है तो हर तहसील पर फायर स्टेशन खोलने का निर्णय लेते हुए अत्याधुनिक यंत्रों से भी लैस करने का काम कर रही है, ताकि किसी भी तरह की कोई समस्या उत्पन्न न हो। विभाग की ओर से स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों पर भी प्रशिक्षण तथा शिविर लगाकर जागरूक किया जा रहा है। कप्तानगंज स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी राम चंदर यादव ने आभार जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष आनंद मिश्रा और संचालन गुंजन मिश्रा ने किया। इस दौरान एएसपी उत्तरी रितेश कुमार सिंह, एएसपी दक्षिणी अभिनव त्यागी, सीओ कसया कुंदन सिंह, एसओ राजकुमार बरवार, चेयरमैन प्रतिनिधि विजय खेतान, जयप्रकाश उपाध्याय, राम प्रताप सिंह, संजय यादव, राधेश्याम पासवान, श्याम सिंह, मुकेश सिंह आदि मौजूद रहे।
19 सीसी रोड और नाला निर्माण कार्य का हुआ शिलान्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत नगर और विस्तारित क्षेत्र में निर्माण कार्यों का बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री एके शर्मा और राज्यमंत्री राकेश राठौर ने वर्चुअल शिलान्यास किया। इसमें 19 आरसीसी सड़कों और नालाें का निर्माण प्रस्तावित है।
नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष विनय जायसवाल ने कहर कि नगर के राजपूत कॉलोनी, भिसवा सरकारी, जगदीशपुरम कॉलोनी, बसडीला, नौका टोला, रामकोला रोड, पलिया, दमवतिया, मटियरवा सहित 19 स्थानों पर सीसी सड़क और नाला के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया है। उन्होंने कहा कि जल्दी ही इन सभी स्थानों पर कार्य शुरू हो जाएगा। बरसात के पूर्व निर्माण कार्य पूरा करा दिया जाएगा। इस दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, ईओ संतराम सरोज, सभासद रामाश्रय गौतम, भोली जायसवाल, अनूप गौड़, बृजेश शर्मा, कुन्दन सिंह, अमित जायसवाल, सचिन साहा, मंथन सिंह, राजेश कुशवाहा, विनय मद्धेशिया, अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।