कुचिया मठिया के जमशेद आलम विज्जी ट्राफी क्रिकेट प्रतियोगिता में नार्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन 10 से 16 मार्च तक गुवाहाटी में होना है। प्रतियोगिता में नार्थ जोन के अलावा ईस्ट, वेस्ट और साउथ जोन की टीमें भी हिस्सा लेंगी।
जमशेद को कानपुर में हुए इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट प्रतियोगिता में पूर्वांचल क्रिकेट यूनिवर्सिटी की तरफ से शानदार प्रदर्शन के कारण यह मौका मिला है। विज्जी ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने पर जमशेद को नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) बंगलुरू जाने का मौका मिलेगा, जहां वह अपने खेल को और बेहतर कर सकेंगे। जमशेद की इस उपलब्धि पर ट्रायंफ क्लब, ट्रेनर ललितेंद्र कुमार, कोच विश्वजीत सिन्हा के अलावा पिता बसकरीम अली, जैनुल निशा, बड़े भाई अबरार, आफताब, समशाद, मुस्तफा अहमद, संजीव जायसवाल, सोएब, मनीष ओझा सहित शहीद मेजर अमिय त्रिपाठी क्रिकेट संस्थान के संरक्षक अजय कुमार त्रिपाठी, विनीत कुमार बनती, राजन शुक्ला, शत्रुमर्दन प्रताप शाही, मोनू इराकी, प्रफुल राय आदि ने बधाई दी है।
अंडर 19 सहित यूपी लीग और आईपीएल कैंप में गेंदबाजी से किया प्रभावित
जमशेद ने अमर उजाला से गुवाहाटी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बताया कि इसके पहले वे यूपी लीग, विजय हजारे ट्राफी, कूचबिहार ट्रॉफी, बिनू माकंड ट्राफी में भी खेल चुके हैं। 2019 में उनका चयन यूपीसीए अंडर-19 वन डे टीम में गेंदबाज के रूप में हुआ। इसके अलावा आईपीएल में भी राजस्थान रॉयल्स, केकेआर और लखनऊ सुपरजायंट्स टीम से भी जुड़ चुके हैं। वहीं पहली बार आयोजित हुई यूपी लीग में जमशेद ने मेरठ मारविक्स टीम की ओर से जलवा बिखेरा था।
क्या है विज्जी ट्रॉफी
विज्जी ट्रॉफी एक अंतर-विश्वविद्यालय (इंटर यूनिवर्सिटी) स्तर का टूर्नामेंट है, जो भारत के सभी चार क्षेत्रों की टीमों (नॉर्थ, वेस्ट, साउथ, ईस्ट) को प्रतिस्पर्धा करने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की सोच से कराया जाता है। बीसीसीआई की तरफ से आयोजित इस ट्रॉफी को शीर्ष चयनकर्ताओं ने एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना है। सुनील गावस्कर, अजीत वाडेकर, संजय मांजरेकर और बिशन सिंह बेदी जैसे खिलाड़ी इस टूर्नामेंट का हिस्सा रह चुके हैं।