संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। थाना क्षेत्र की मिश्रौली ग्राम सभा में जिलाबदर हुए अभियुक्त को पकड़ने गई पुलिस टीम से उसके परिजनों से तीखी झड़प हो गई। इसी बीच में आरोपी वहां से फरार हो गया।
कसया थाना क्षेत्र के मिश्रौली निवासी महबूब उर्फ यूनुस को डीएम रमेश रंजन ने गुंडा नियंत्रण अधिनियम की तहत छह माह के लिए जिले से निष्कासित कर जिला बदर किया है। अभियुक्त को 10 जुलाई से छह माह के लिए महराजगंज जिले के लिए जिला बदर किया गया है। बुधवार को कसया पुलिस उसको पकड़ने उसके गांव गई। इस दौरान उसके परिजनों से तीखी नोकझोंक हो गई। इसका लाभ उठाते हुए अभियुक्त वहां से फरार हो गया।
इस संबंध में कसया एसएचओ डॉ. अशुतोष तिवारी ने बताया कि कसया पुलिस जिला बदर हुए अभियुक्त को पकड़ने गई थी। परिवार के लोग पुलिस से नोकझोंक कर उसे भगा दिए। इस मामले में पुलिस विधिक कार्रवाई कर रही है।