पुलिस शुरू करेगी ‘जन सुनवाई आपके द्वार’ योजना
- घर बैठे कर सकेंगे शिकायत, वीडियो काल कर पुलिस करेगी निस्तारण
- एसपी कार्यालय से सीधे पुलिस अधिकारी करेंगे बात
- थानों में बनेगी हेल्प डेस्क, जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं होगा वे कर सकेंगे एसपी से बात
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। जिले में दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को अपनी फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय जाने से जल्द ही राहत मिलेगी। पुलिस ने ‘जन सुनवाई आपके द्वार’ योजना शुरू करने की तैयारी की है, जिससे लोगों की समस्या का घर बैठे ही समाधान हो जाएगा।
योजना के तहत एसपी दफ्तर में बैठे पुलिस अधिकारी वीडियो काल के जरिए शिकायतकर्ता की समस्या का निस्तारण करेंगे। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि योजना के तहत विभाग की ओर एक मोबाइल नंबर जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थानों पर सुनवाई न होने की शिकायत लेकर फरियादी रोजाना पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचते हैं। समस्या के समाधान के लिए ‘जन सुनवाई आपके द्वार’ योजना शुरू की जा रही है।
एसपी ने बताया कि इसमें जनसुनवाई का समय सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक निर्धारित किया जाएगा। जिनके पास स्मार्ट फोन नहीं होगा उनके लिए थानों में हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। जहां से वे वीडियो कॉल कर एसपी से बात कर सकेंगे। शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकतम एक हफ्ते का समय निर्धारित होगा।
लोगों की परेशानी को दूर करने के लिए ‘जन सुनवाई आपके द्वार’ योजना शुरू की जा रही है। इससे लोगों की शिकायत का घर बैठे ही निस्तारण हो जाएगा।
- धवल जायसवाल, पुलिस अधीक्षक, कुशीनगर