जयराम अध्यक्ष व रमाशंकर महामंत्री चुने गए
हाटा तहसील बार एसोसिएशन का चुनाव हुआ
हाटा। हाटा तहसील बार एसोसिएशन के चुनाव में जयराम प्रसाद अध्यक्ष और रमाशंकर तिवारी महामंत्री चुने गए। अध्यक्ष पद पर मतदान से जबकि शेष पदों पर सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चुनाव हुआ।
निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट रौनक अली खान की देखरेख में बुधवार की सुबह दस बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें सबसे पहले नामांकन दाखिल हुआ। अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन, जबकि शेष सभी पदों के लिए एकल नामांकन दाखिल हुए। इस कारण सिर्फ अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ, जिसमें दो बजे तक कुल 61 मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
दो बजे के बाद हुई मतगणना में अध्यक्ष पद के लिए 35 वोट पाकर जयराम प्रसाद विजयी घोषित किए गए, जबकि 26 मत पाकर योगेंद्र तिवारी द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं महामंत्री, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित अन्य पदों के लिए सभी निर्विरोध चुने गए। एडवोकेट रमाशंकर तिवारी महामंत्री, रामचरन यादव वरिष्ठ उपाध्यक्ष, त्रिपुरारी पासवान उपाध्यक्ष, अभयनंदन सिंह उपाध्यक्ष, प्रदीप पाठक संयुक्त मंत्री, आशुतोष शंकर सिंह संयुक्त मंत्री तथा मान सिंह कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। नव निर्वाचित अध्यक्ष जयराम प्रसाद ने कहा कि सभी अधिवक्ताओं का सम्मान होगा। संगठन हित में कार्य किया जाएगा। इस दौरान एडवोकेट याकूब खां, रविंद्र मणि, पूर्व अध्यक्ष उमेश कुमार दूबे, रवि नारायन तिवारी सहित अन्य अधिवक्ता गण मौजूद रहे।