फाजिलनगर। साधन सहकारी समिति पिपरा रज्जब में गलत ढंग से मृतक आश्रित कोटे में नौकरी करने की सीडीओ से शिकायत हुई है। सीडीओ के निर्देश पर अपर जिला सहकारी अधिकारी के नेतृत्व गठित तीन सदस्यीय जांच टीम ने संबंधित पक्षों को दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि इस समिति में कार्यरत सेल्समैन ने गलत दस्तावेज के सहारे मृतक आश्रित कोटे में नौकरी प्राप्त कर ली है। शिकायतकर्ता ने इसकी जांच कर संबंधित से सरकारी धन की वसूली करने की मांग की है। सीडीओ ने जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा। समिति के अध्यक्ष बैरिस्टर यादव ने बताया कि सेवा से अवकाश ग्रहण करने के बाद मृतक आश्रित कोटे से दुबारा नौकरी प्राप्त करना एक गंभीर मामला है। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। इस संबंध में अपर एडीसीओ पीएन त्रिपाठी ने कहा कि दोनों पक्षों को अपने-अपने दस्तावेजों के साथ दस दिनों के अंदर उपस्थित होने के लिए कहा गया है। समय बीतने के बाद कार्रवाई होगी। जांच तय समय में पूरी होगी।