पडरौना। कप्तानगंज व साइबर थाने की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छह प्रतिबंधित पशुओं को मुक्त कराते हुए एक महिला समेत तीन अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है। केस दर्ज कर पुलिस ने तरनों जेल भिजवा दिया। इनके पास से पशुओं को काटने वाले हथियार, पिकअप व कार, मोबाइल फोन, नकदी आदि बरामद की गई है।
एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि सूचना मिली कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सुधियानी पेट्रोल पंप से बोदरवार जाने वाले मार्ग पर 200 मीटर आगे पुल के पास से एक पिकअप में पशुओं को लादकर वध के लिए भेजा जा रहा है। बताई जगह पर पुलिस वाहनों की तलाश में जुट गई। एक पिकअप आता दिखा। पिकअप को रोककर पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें से छह पशु लदे थे। पुलिस ने एक महिला समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास से तस्करी में प्रयुक्त कार, अवैध हथियार, पशुओं को काटने वाले उपकरण, तीन मोबाइल फोन, अपराध से अर्जित पांच हजार रुपये बरामद किए गए। पकड़े गए तस्करों की पहचान नजमा निवासी दौनहा, रोजिद अंसारी निवासी तमकुहा थाना धनहा व प्रमोद राम निवासी धनमतिया पिपरा थाना जोगापट्टी पश्चिमी चंपारण बिहार के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि यह गैंग शातिर पशु तस्कर का है। तमकुहा क्षेत्र से रात में हारून निवासी तमकुहा थाना धनहा की पिकअप से गोरखपुर के लिए प्रतिबंधित पशुओं को लदवाने के लिए चलता है। पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए लाइनर के रूप में कार कुछ किलोमीटर आगे चलती है।
एसपी ने बताया कि पिकअप में रोजिद अंसारी व दो अन्य व्यक्ति बैठे रहते हैं और अवैध तमंचे रखते हैं ताकि घेराव होने पर वह फायरिंग कर पुलिस से बच सकें। नजमा, प्रमोद राम के साथ बैठकर पिकअप को लाइनर के रूप में रास्ता क्लियर कराती है और महिला होने के नाते उस पर कोई शक भी नहीं करता है। आपस में सभी एक-दूसरे से मोबाइल से संपर्क में रहते हैं। यह गैंग पशुओं को गोरखपुर जिले के पिपराइच होते हुए कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, बांसी से तमकुहा बिहार पहुंचाता है।
0
अपराध से धन अर्जित कर महिला ने बनाया मकान
पशु तस्करी से धन अर्जित कर महिला तस्कर ने पडरौना के छावनी में मकान बना लिया है। इस गैंग को चलाने में महिला की सक्रिय भागीदारी है। आपराधिक कृत्यों से अर्जित धन से तस्करों ने धनहा निवासी हारून के नाम से पिकअप व लग्जरी कार खरीदी है। पुलिस आपराधिक कृत्यों से हासिल संपत्ति की तलाश कर रही है।
0
पुलिस को 15 हजार का इनाम
अंतरराज्यीय पशु तस्करी गैंग को गिरफ्तार करने वाली टीम को एसपी संतोष कुमार मिश्र ने 15 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी ने कहा कि पुलिस टीम ने गैंग के सदस्यों को न सिर्फ गिरफ्तार किया है, बल्कि कई बड़े तस्करों के करीब तक पहुंच गई है। आने वाले दिनों में पशु तस्करी को अंजाम देने वाले सरगना पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
0
गिरफ्तारी करने वाली टीम में ये रहे शामिल :
अंतरराज्यीय पशु तस्करों को गिरफ्तार करने वाली टीम में साइबर थाने के एसएचओ मनोज कुमार पंत, कप्तानगंज थाने के एसओ राजकुमार बरवार, एसएसआई सूर्यभान यादव, एसआई प्रदीप कुमार, सूरज सिंह, अनिल गहलोत, अवनीश कुमार यादव, श्रीप्रकाश राय, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल प्रशांत कुमार मिश्रा, इंतेश कुमार, रितेश यादव, हरेन्द्र यादव, अमरबहादुर सरोज, प्रमोद कुमार, शिवप्रसाद कुशवाहा, अनिल यादव, भगवतीदत्त यादव, आलोक कुमार, बृजेश विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल ममता भारती व प्रिती शाह शामिल रहे।