फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊंची उड़ान के लिए तरस रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
ऊंची उड़ान के लिए तरस रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट
विज्ञापन

एयरपोर्ट से अभी तक कोलकाता के लिए हुई हैं चार उड़ानें
मुंबई के लिए उड़ान शुरू होने का लोग कर रहे हैं इंतजार
पडरौना। कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हुए करीब नौ महीने हो गए हैं। अब तक यहां नियमित उड़ान के लिए विमानों की संख्या नहीं बढ़ाई गई है। कोलकाता के लिए सिर्फ चार उड़ानें हो पाई हैं। मुंबई के लिए फ्लाइट ही नहीं मिली। दिल्ली के लिए एक विमान का संचालन होता है, लेकिन वह भी कभी कभार तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिया जाता।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शुरू नहीं हो सकी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 अक्तूबर 2021 को इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। उस समय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कोविड-19 की स्थिति सामान्य होने पर अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने के साथ 24 नवंबर से कुशीनगर से दिल्ली और 18 दिसंबर से कुशीनगर से मुंबई व कोलकाता तक नियमित उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
विज्ञापन

इसकी पुष्टि हवाई सेवा उपलब्ध कराने वाली विमानन कंपनी स्पाइस जेट ने की थी। स्पाइस जेट ने 24 नवंबर के बजाय 26 नवंबर से दिल्ली के लिए उड़ान शुरू की। वर्तमान में यह उड़ान जारी है। कुशीनगर से कोलकाता के लिए स्पाइस जेट ने 27 से 30 मार्च के बीच चार दिन उड़ाने कराई थीं। उसके बाद बंद कर दी गई। मुंबई के लिए उड़ान सेवा शुरू कराने के लिए विमानन कंपनी ने 10 जनवरी से टिकटों की बुकिंग शुरू की थी, लेकिन यात्री नहीं मिलने के कारण बुकिंग निरस्त कर दी गई।
कोविड-19 से स्थिति सामान्य होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में ढील मिली है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, विमानन कंपनियों व सरकार के स्तर से प्रयास होता नहीं दिख रहा है।
शहर के व्यवसायी दीप नारायण अग्रवाल ने कहा कि व्यावसायिक और अन्य कार्यों से दिल्ली, मुंबई एवं कोलकाता जाना पड़ता है। कोलकाता के लिए फ्लाइट न होने से दिक्कत होती है। चिकित्सक डॉ. केपी गोंड का कहना है कि हर दो-तीन महीने में कांफ्रेंस या अन्य कार्यों से दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। यदि कुशीनगर से सभी बड़े शहरों के लिए विमान की सुविधा होती तो समय बचता।
..
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का उद्देश्य
कुशीनगर महात्मा बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली है। सैकड़ों की संख्या में बौद्ध अनुयायी हर साल भगवान बुद्ध के दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। व्यवसायी, चिकित्सक और अन्य लोगों का भी देश के विभिन्न शहरों में आना-जाना होता है। वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने यहां बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया। इसके ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित कराने से लेकर उद्धाटन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह एयरपोर्ट कुशीनगर ही नहीं, आसपास के जनपदों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
...
दो घंटे में तय होने लगा दिल्ली का सफर
26 नवंबर को स्पाइस जेट का विमान दोपहर 12 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 1:35 बजे कुशीनगर पहुंचा था। फिर यही विमान कुशीनगर से दोपहर 1:55 बजे उड़ान भरकर अपराह्न 3:55 बजे नई दिल्ली पहुंच गया था। दिल्ली से कुशीनगर और कुशीनगर से दिल्ली के बीच यह सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को उपलब्ध कराई गई है। कुशीनगर और मुंबई के बीच हवाई सेवा के लिए सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार का दिन तय किया गया था, लेकिन उड़ान शुरू ही नहीं हो पाई।
विज्ञापन

...
कोट
इस एयरपोर्ट से सिर्फ दिल्ली के लिए हवाई सेवा संचालित है। वह भी कभी कभार निरस्त हो जाती है। कोलकाता के लिए चार दिन उड़ान हुई थी। यात्री कम पड़ जाते हैं। मुंबई के लिए फिलहाल उड़ान की व्यवस्था नहीं है। बरसात बाद अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा शुरू होने की संभावना है।
एके द्विवेदी, डायरेक्टर, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, कुशीनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें