फाजिलनगर। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन के निर्देश पर नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी ने फाजिलनगर नगर पंचायत स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया। वहां साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। शुक्रवार देर शाम नगर पंचायत के पिपरा रज्जब में बने रैन बसेरा के निरीक्षण के समय बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया निवासी जयराम और कुशीनगर जिले के सेवरही निवासी रवि कुमार ठहरे हुए थे। दोनों ने रैन बसेरे की व्यवस्था पर संतोष जताया। नायब तहसीलदार ने कर्मचारियों को रैन बसेरा में साफ सफाई की व्यवस्था को ठीक रखने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा सुविधाओं को जनता तक पहुंचाने की है। इसमें कमी बर्दाश्त नहीं होगी। कड़ाके की ठंड में रैन बसेरा की व्यवस्था को ठीक रखना जरूरी है। उन्होंने रैन बसेरा में ठहरने वालों को सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया।
इस दौरान कानूनगो नंदलाल पाठक, नगर पंचायत के लिपिक शुभम मिश्रा, पिपरा रज्जब की साधन सहकारी समिति के अध्यक्ष बैरिस्टर यादव, मंतोष यादव आदि मौजूद थे।