पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने 50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की समीक्षा की। पीडब्ल्यूडी, यूपी पीसीएल, सीएंड डीएस, यूपी सीएलडीएफ़, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के कार्यों के बारे में जानकारी ली। लंबित निर्माण कार्यों को तय समय में पूरा करने की हिदायत दी।
डीएम विशाल भारद्वाज ने सबसे पहले पीडब्ल्यूडी के निगरानी में कार्यदायी संस्था की तरफ से कराए जा रहे मेडिकल काॅलेज के निर्माण कार्यों की जानकारी लेकर मिली कमियों को इस माह के अंत तक पूरा कराने का निर्देश दिया। कृषि महाविद्यालय के निर्माण कार्यों की समीक्षा दौरान संबंधित कार्यदायी संस्था ने नक्शा पूर्ण होने सहित कार्य शुरू करने की जानकारी दी। जिला कारागार के निर्माण कार्यों की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि डिजाइनिंग का कार्य हो गया है।
पायलिंग का कार्य शुरू करा दिया गया है। यूपी पीसीएल की तरफ से कराए जा रहे निर्माण कार्यों कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय कुशीनगर, फाजिलनगर, सेवरही की जानकारी ली। पर्यटन विकास योजना तहत दिगंबर जैन मंदिर फाजिलनगर, बुद्धा थीम पार्क का निर्माण व सौंदर्यीकरण कार्य, बौद्ध विहार पर पर्यटन सुविधाओं के सृजन कार्य शुरू होने की जानकारी दी।
डीएम ने रामपुर सोहरौना, पर्यटन विकास कार्य, बनकटा बाजार स्थित काली मंदिर का कार्य साइनेज का कार्य, रामाभार स्तूप निकट साउंड एंड लाइट शो, हाटा बस स्टैंड के निर्माण कार्य, न्यायालय स्थित कोर्ट के निर्माण कार्य, ट्रांजिट हॉस्टल, पडरौना बस स्टेशन का निर्माण कार्य, पॉलिटेक्निक मुजहना हाटा का निर्माण कार्य, बुद्धा पार्क रविंद्रनगर के निर्माण कार्य, जल निगम नगरीय तहत पाइप लाइन का कार्य आदि विकास कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने कहा कि सभी लंबित कार्य तय समय के भीतर पूरा करें। इस दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्रवण कुमार सिंह, बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्य आदि मौजूद रहे।