- तीन दिन पहले तमकुहीराज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए थे सात साइबर ठग
- गैंग के बाकी साथियों की तलाश में जाएगी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। तीन दिन पहले तमकुहीराज थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए साइबर ठगों के बाकी साथियों की लोकेशन महाराष्ट्र में मिली है। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है, जो वहां जाएगी। बाकी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जेल भेज दिया है।
साइबर सेल और तमकुहीराज थाने की पुलिस ने 25 नवंबर को साइबर ठगों के एक बड़े गिरोह को पकड़ने में सफलता पाई थी। हालांकि, गिरफ्तार ठग मूल रूप से कुशीनगर के निवासी हैं, लेकिन उनकी गतिविधियां उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी चल रही थी। उत्तर प्रदेश की सीमा में अपराध करने के बाद बिहार व दूसरे राज्यों में भाग जाते थे और वहां अपराध करने पर यहां चले आते थे। अलग-अलग पते, मोबाइल नंबर होने के कारण इन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो रहा था।
कसया थाने में साइबर ठगी के मामले में इनके विरुद्ध केस दर्ज होने के बाद कुशीनगर पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू की। ग्राहक सेवा केंद्र संचालक, दंत चिकित्सक और इनके साथ के मुख्य ठग सलाउद्दीन की गिरफ्तारी के बाद बाकी चार साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। पूछताछ में पता चला था कि 80 से अधिक खातों में इन लोगों ने ठगी की रकम मंगाई है। इन ठगों ने पुलिस को यह भी बताया था कि इनके गिरोह में 12 से अधिक लोग शामिल हैं। इनसे मिले सुराग केे आधार पर बाकी की खोजबीन शुरू की तो उनमें कुछ की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस हो रही है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम वहां भेजी जाएगी।
00000
तमकुहीराज क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए सातों साइबर ठगों से मिले सुराग के आधार पर बाकी की तलाश की जा रही है। उनमें से कुछ की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस हो रही है। जांच के लिए वहां पुलिस की टीम भेजी जाएगी।
-धवल जायसवाल, एसपी