नेबुआ नौरंगिया। प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी की बात सामने आ रही है। अधूरी योजना को पूरा दिखाकर संबंधित रिकॉर्ड को बंद कर दिया है, जबकि धरातल पर योजना अब भी अधूरी है।
विशुनपुरा ब्लॉक के खजुरिया गांव में प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य में अनियमितता बरती गई है। सरकारी अभिलेखों में प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़े में लाभार्थियों का प्रधानमंत्री आवास शतप्रतिशत पूर्ण है, लेकिन खजुरिया गांव के धर्मेंद्र कुमार के आवास निर्माण में अभी दिवार ही चल सका है, शेष निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इसके बावजूद उनको पूरी धनराशि देकर आवास को पूर्ण घोषित कर दिया है। दूसरा आवास प्रदीप बांसफोड़ का है। उसकी छत नहीं पड़ सकी है। राजेश चौहान के आवास की भी छत नहीं पड़ी है।
मानिकचंद का आवास अधूरा है, लेकिन सरकारी अभिलेखों में धन की निकासी के साथ आवास को पूर्ण दिखा दिया गया है। ग्राम प्रधान मारकंडेय गुप्ता ने बताया कि इस मामले की सचिव जानकारी देंगे। ग्राम सचिव विनोद यादव का कहना है कि कुछ लोग हैं जो पैसा निकालकर खा गए हैं। उनको आवास बनवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस संबंध में बीडीओ सुशील कुमार सिंह ने बताया कि आवास योजना से जुड़े कर्मियों से पूछताछ कर दोषी कर्मी पर कार्रवाई की जाएगी।