- जिला अस्पताल में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने लोकार्पण किया
- अस्पताल परिसर में 10 बेड के स्थायी रैन बसेरा की भी व्यवस्था
- आईसीयू के लिए मरीजों को अब गोरखपुर जाने की जरूरत नहीं : प्राचार्य
पडरौना। स्वशासी मेडिकल कॉलेज/जिला अस्पताल में बहुप्रतीक्षित आईसीयू विंग का लोकार्पण मंगलवार को प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्यप्रकाश शाही ने किया। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि 32 बेड के आईसीयू व 16 बेड के इमरजेंसी वार्ड में मरीजों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सात बेड का सीसीयू विंग और वीआईपी के लिए 4 बेड के आईसीयू की सुविधा भी मिलेगी। गंभीर रूप से घायल और बीमार मरीजों को अब गोरखपुर या कहीं अन्य जगह जाने की जरूरत नहीं है। जिला अस्पताल में दस बेड का स्थायी रैन बसेरा भी चालू हो गया है।
इस दौरान कृषि मंत्री व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज की है, जहां समाज के सभी वर्ग के लोगों को सस्ता और समुचित इलाज उपलब्ध हो सके। इसी धारणा को आगे रखकर वर्तमान की डबल इंजन की सरकार लोकहित में योजनाएं चला रही है।
इस मौके पर कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दुबे, सदर विधायक मनीष जायसवाल, तमकुहीराज के विधायक डाॅ. असीम कुमार, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, भाजपा के भूतपूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश मिश्र व लल्लन मिश्र, मारकंडेय शाही, सीएमओ डाॅ. सुरेश पटारिया आदि मौजूद थे।
घेंघा पैदा करने के लिए पडरौना की तैनाती : कृषि मंत्री
कृषि मंत्री ने कहा कि ऐसी भ्रांति है कि देवरिया और कुशीनगर तराई क्षेत्र है। तराई क्षेत्र का मतलब शिक्षा, खानपान और स्वास्थ्य की दृष्टि से पिछड़ा क्षेत्र है। एक वक्त में पडरौना क्षेत्र घेंघा रोग के लिए कुख्यात था। लोग बातें करते थे कि घेंघा रोग चाहिए तो पडरौना की तैनाती लो, लेकिन वर्तमान सरकार ने युवाओं के लिए 650 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले कृषि विश्वविद्यालय के साथ-साथ मेडिकल कॉलेज की सौगात भी जनपद वासियों को दी है।
विपक्ष पर भी रहे हमलावर, कहा- लोकसेवा के लिए नीति और नीयत दोनों जरूरी
अपने भाषण में कृषि मंत्री विपक्ष पर भी हमलावर रहे। कहा कि पहले की सरकार केवल शिलान्यास करती थी, लेकिन आज की डबल इंजन की सरकार का कहना है कि जिस कार्यक्रम का शिलान्यास हो, उसका उद्घाटन भी अतिमहत्वपूर्ण है, तभी सच्ची लोक सेवा मानी जाएगी।
इलाज के साथ-साथ जांच भी फ्री, आयुष्मान कार्डधारकों को भी लाभ
कॉलेज के प्राचार्य डाॅ. आरके शाही ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इलाज के साथ-साथ सभी प्रकार की जांच फ्री है। आयुष्मान योजना जो पिछले लगभग एक साल से बंद थी, उसे पुनः शुरू कर दिया गया है। आयुष्मान कार्डधारक को अब सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
16 बेड का अल्ट्रामॉडर्न इमरजेंसी वार्ड बना
स्वशासी मेडिकल कॉलेज में 16 बेड का अल्ट्रामॉडर्न इमरजेंसी वार्ड भी गंभीर मरीजों के लिए उपलब्ध है। यह वार्ड गंभीर रूप से घायल मरीजों व गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए एक वरदान साबित होगा, जो पूर्णतया निशुल्क उपलब्ध होगा।
डायलिसिस के मरीजों को अब नहीं भटकना पड़ेगा
डायलिसिस के मरीजों को अब और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्हें बेड की कमी के कारण गोरखपुर, लखनऊ या फिर अन्य बड़े शहरों की तरफ रुख नहीं करना पड़ेगा। डायलिसिस के मरीजों को यहां समुचित चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष की फिसली जुबान
भाषण के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय मंच पर बैठे तमकुहीराज के विधायक डाॅ असीम कुमार का नाम गलत बोल बैठे, जिसे मंच पर उपस्थित कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भाषण के बीच में ही टोककर सुधारने को कहा। जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में विधायक तमकुहीराज को डॉ. असीम कुमार चौधरी के स्थान पर डाॅ. असीम कुमार राय कहा था, जिसे बाद में सुधार लिया गया।