पडरौना। यूएनपीजी कॉलेज खेल परिसर में रविवार को पडरौना क्रिकेट क्लब की ओर से स्वर्गीय कृष्णा साहा व स्वर्गीय विमलेश मल्ल की स्मृति में 16वें वर्ष ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। इससे पूर्व नगर में सुबह नौ बजे से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। प्रतियोगिता के पहले दिन पटना और आजमगढ़ की टीम के बीच उद्घाटन मैच खेला जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
उदित नारायण पीजी कॉलेज के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कृष्णा साहा व छात्रनेता विमलेश मल्ल की याद में प्रति वर्ष पडरौना क्रिकेट क्लब की तरफ से ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होता है। आयोजन समिति के सदस्य सतीश साहा ने बताया कि रविवार की सुबह नौ बजे से खेल मैदान से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें खिलाड़ी व शहर के लोग शामिल रहेंगे। खेल मैदान से तिलक चौक तक प्रभात फेरी निकालकर स्वर्गीय कृष्णा साहा व स्वर्गीय विमलेश मल्ल को श्रद्धांजलि दी जाएगी। प्रतियोगिता के मीडिया प्रभारी प्रिंस तिवारी ने बताया कि उद्घाटन मैच पटना और आजमगढ़ के बीच खेला जाएगा। 25-25 ओवरों के इस मैच का शुभारंभ पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय करेंगे। उन्होंने बताया कि ग्रुप ए में पटना, आजमगढ़, भदोही व गोपालगंज की टीमें शामिल हैं। वहीं, ग्रुप बी में मुजफ्फरपुर, लखनऊ, पडरौना व समस्तीपुर की टीमें शामिल हैं।