मथौली। नगर पंचायत में स्थित इन्टर कालेज व डिग्री कालेज में बृहस्पतिवार को पुलिस विभाग की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महिला दरोगा उपासना चतुर्वेदी ने छात्राओं से कहा कि पुलिस से डरने की जरूरत नहीं है। बल्कि संकट के समय पुलिस को दोस्त की तरह याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति जब किसी मुश्किल में होता है, तो सबसे पहले सहायता के लिए पुलिस को ही खोजता है। उन्होंने छात्राओं को डायल-112, महिला हेल्पलाइन 1090, गुड टच-बैड टच, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव, और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। चौकी इचार्ज अरविन्द कुमार राय ने छात्राओं से पूछा कि उन्होंने यहां क्या-क्या सीखा। तब छात्रा रोशनी ने बताया कि उन्होंने पुलिस के कार्य और व्यवहार को नजदीक से समझा। यह जाना कि पुलिस किस तरह लोगों को सुरक्षा और न्याय के लिए समर्पण के साथ काम करती है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के सवालों के जवाब भी दिए।