जांच में प्रसूता से रुपये लेने की बात सही मिली
प्रसव के बाद रुपये के लिए जच्चा-बच्चा को रोक लिया गया था
वीडियो वायरल होने के बाद की गई जांच, दोनों पर होगी कार्रवाई
पिपरा बाजार। विशुनपुरा क्षेत्र के पिपरा बाबा टोला स्थित मातृ एवं शिशु कल्याण केंद्र में महिला के प्रसव के बाद रुपये के लिए जच्चा-बच्चा को रोकने की मामले की जांच बुधवार को की गई। जांच अधिकारी ने मामले में रुपये लेने की बात सही पाई है। उन्होंने एएनएम और आशा कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई की संस्तुति की है।
पिपरा गांव के बाबा टोला निवासी राजेश सैनी की पत्नी का इस केंद्र में प्रसव हुआ था। आरोप है कि केंद्र में मौजूद आशा कार्यकर्ता और एएनएम ने उनसे तीन हजार रुपये की मांग की थी। रुपये देने पर ही राजेश की पत्नी और उनके नवजात को घर ले जाने दिया गया। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इसके बाद मामले की जांच के आदेश हुए थे।
सीएमओ के निर्देश पर बुधवार को विशुनपुरा सीएचसी प्रभारी ने मामले की जांच की। विशुनपुरा सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जिसान अली का कहना है कि टीम गठित कर जांच की गई। रुपये लेने की बात सही पाई गई। जांच रिपोर्ट सीएमओ को भेजी गई है। एएनएम व आशा कार्यकर्ता के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एएनएम सावित्री सिंह का कहना है कि जो रुपये लिए गए थे, उसे आशा के माध्यम से वापस कर दिया गया है।