पटहेरवा। क्षेत्र के सठियाव गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने गांव के एक व्यक्ति पर 75 हजार रुपये के बदले 75 रुपये का चेक देने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है। पटहेरवा थाना क्षेत्र के सठियाव गांव निवासी शिवसागर सिंह ने कोर्ट में बाद दाखिल कर बताया था कि उन्होंने तमकुहीराज थाना क्षेत्र के मुन्नीपट्टी गांव निवासी दिनेश कुमार शर्मा को 25 अक्तूबर 2024 को 75 हजार रुपये दिए थे। मांगने पर दिनेश शर्मा ने पंचायत के सामने रुपये देने की बात कही और कहा कि हम पैसा चेक के माध्यम से दे रहे हैं। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने चेक पर 75 हजार की जगह पचहत्तर रुपये मात्र लिख दिया, जबकि समझौता में 75 हजार लौटने की बात है। अब रुपये लौटाने को तैयार नहीं है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनय मिश्र ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।