खड्डा(कुशीनगर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में शादी के महज कुछ घंटे बाद ही दुल्हन जेवर और रुपये लेकर फरार हो गई। करीब एक सप्ताह तक तलाश और इंतजार के बाद दूल्हे के घरवालों ने एसडीएम को पत्र देकर दुल्हन को तलाशने की गुहार लगाई है। एसडीएम ने बीडीओ को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
पडरौना थाना क्षेत्र के सिसहन कोठिलवा निवासी राकेश पुत्र रघुनाथ को फरवरी महीने में कुछ लोगों ने उसकी शादी के लिए संपर्क किया। एक मंदिर में सुनीता पुत्री श्रीराम की दिखाई की रस्म हुई। तब राकेश ने लड़की को मोबाइल फोन, आभूषण और कपड़े उपहार स्वरूप दिए। इसके बाद 29 फरवरी को राकेश को खड्डा ब्लॉक में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में शादी के लिए बुलाया गया। वहां पर राकेश की शादी सुनीता से हो गई। शादी के दौरान सुनीता का पिता भी मौजूद था। राकेश ने बताया कि शादी में लड़की ने साड़ी की जगह उसका दिया सलवार-सूट पहना था। शादी के कुछ देर बाद लड़की राकेश को मंगलसूत्र और मोबाइल फोन देकर थोड़ी देर में आने की बात कह कर चली गई। उसका पिता भी चला गया। काफी देर इंतजार के बाद भी जब सुनीता नहीं आई तो राकेश ने उसकी तलाश शुरू की। तब पता चला कि शादी में मिले उपहार और अन्य आभूषण भी गायब हैं। तब राकेश ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। सभी घरवालों ने और राकेश ने कुछ दिन लड़की का इंतजार किया और उसकी तलाश भी करते रहे। अंत में बुधवार को राकेश के भाई सूरजभान ने एसडीएम को पत्र लेकर सारी बात बताई और लड़की को तलाश करने की गुहार लगाई। एसडीएम ऋषभ पुंडीर ने बीडीओ को जांच के लिए लिखा है। बीडीओ विनीत कुमार का कहना है कि यह जोड़ा दूसरे ब्लॉक से सामूहिक विवाह में शामिल होने आया था। दुल्हन के पते और अन्य ब्योरे की जांच की जाएगी। उसके बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।