संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर में रात में कोहरा और बारिश की वजह से फ्लाइट उतरने में दिक्कत न हो, इसके लिए आईएलएस सिस्टम और डीवीओआर लगने का कार्य शुरू हो गया है। करीब छह माह में डीवीओआर लगाने का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर करीब 3.8 करोड़ रुपये से आईएलएस सिस्टम और 1.25 करोड़ रुपये की लागत से डीवीओआर सिस्टम लगने हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसमें लगने वाले सामान एयरपोर्ट पर लगाने का कार्य शुरु हो गया है। इसके लिए नवलोक दास को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट कुशीनगर से फिलहाल दिल्ली की उड़ान हो रही है। इस संबंध में एयरपोर्ट के महाप्रबंधक सिविल अमर सिंह ने बताया कि डीवीओआर सिस्टम और आईएलएस सिस्टम लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बहुत जल्द कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
डीवीओआर के रडार के जरिये एटीसी कंट्रोलर के कंप्यूटर पर एयर ट्रैफिक के साथ ही टर्मिनल क्षेत्र में विमान की स्थिति दिखती है। डीवीओआर अंतरराष्ट्रीय मानक नेविगेशनल सुविधा है, जो हवाई अड्डों और रन-वे पर स्थित ग्राउंड रेडियो बीकन से सर्वदिशात्मक संकेत भेजकर विमान को उनके दृष्टिकोण में सहायता करता है। संवाद