कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर जंगल सिंघापट्टी गांव के लोगों ने एडीएम को सौंपा मांगपत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। विशुनपुरा ब्लॉक के जंगल सिंघापट्टी गांव के लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। लोगों ने गांव की सीलिंग की भूमि पर ग्राम सभा की तरफ से अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
गांव के भुलई प्रसाद की अगुवाई में पहुंचे गांव के कृष्णनाथ प्रसाद, मुन्ना यादव, ओमप्रकाश प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, दिनेश आदि लोगों ने कहा कि गांव में करीब ढाई हेक्टेयर सीलिंग की भूमि है। इस भूमि पर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर हर वर्ष बांसी मेला लगता है। यह मेला भगवान श्रीराम से जुड़ा होने से क्षेत्र केअलावा बिहार प्रदेश के लोगों के लिए आस्था केंद्र है। इस सीलिंग की भूमि पर ग्राम प्रधान सावित्री देवी दो पोखरा खुदवा रही हैं। जबकि वहां के पूर्व प्रधान ने बांसी मेला में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए वन विभाग से तालमेल स्थापित कर पौधरोपण कराया था।
अब ग्राम प्रधान इसी सीलिंग की भूमि पर मिनी स्टेडियम का निर्माण कर सरकारी धन का दुरूपयोग कर रहे हैं, जबकि ग्राम सभा में पहले से ही राजीव गांधी खेल मैदान के रूप में भूमि प्रस्तावित है। इसके बाद गांव के लोगों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम वैभव मिश्र को सौंपकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भीम सिंह ने बताया कि सिलिंग की भूमि ग्राम पंचायत के अधीन आती है। अधिकारियों को इस बारे में जानकारी पहले देकर ही विकास कार्य कराया जा रहा है। भविष्य में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले मेले में कोई दिक्कत नहीं होगी।