बिच्छू कहीं होगा तो डसेगा ही : सीएम
विपक्ष पर हमलावर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। कप्तानगंज में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर दुनिया का सबसे सुंदर मंदिर बनने जा रहा है। पूर्व में इसी मंदिर के लिए संघर्ष करने वाले रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। ऐसी तालिबान समर्थक, जातिवादी, वंशवादी मानसिकता को जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने जनसमूह से कहा कि तालिबान का समर्थन करने वाले तीन तलाक को रोकते हैं। याद रखें कि बिच्छू कहीं भी होगा तो डंसेगा ही। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने वर्षों में कांग्रेस, सपा और बसपा राममंदिर नहीं बनवा सकीं। अब भाजपा सरकार बनवा रही है तो अब विपक्ष के लोग बोलने लगे हैं। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने वाले न तो राममंदिर बनवा सके और न ही अनुच्छेद 370 हटवा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात वर्षों तक बिना थके, बिना झुके और बिना रुके देश की जनता के लिए कार्य किया। उन्हीं के पदचिह्नों पर हमने भी चलकर साढ़े चार वर्षों में प्रदेश की जनता के लिए हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराईं। सीएम ने कहा कि विपक्ष ने किसानों के हक पर डाका डाला, लेकिन हमने किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को साल में छह हजार रुपये देकर उनकी आवश्यकताओं को पूरा किया। उन्होंने कहा कि आज सूबे से दंगाई लापता हैं। क्योंकि हमने ऐसे कड़े कानून बनाए हैं कि दंगाइयों ने यदि कहीं नुकसान पहुंचाया तो उनकी सात पीढ़ियां उस नुकसान को भरेंगी। उन्होंने कहा कि कुशीनगर का मेडिकल कॉलेज भगवान बुद्ध को समर्पित होगा। अंत में सीएम ने यह भी कहा कि जीत के मायने तभी हैं, जब विपक्षी दलों की जमानत जब्त हो जाए। फिर से भाजपा सरकार बनाने के लिए कमर कसें, ताकि और नए विकास के कार्य कराएं जाएं।