कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते डीएम महेंद्र सिंह तंवर व अन्य।स्रोत-सोशल मीडिया
कलक्ट्रेट सभगार में बुधवार को डीएम की अध्यक्षता में जिले में रहने वाले सभी समुदाय के धर्मगुरुओं के साथ बैठक हुई। इसमें रक्षाबंधन, जन्माष्टमी समेत अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि अधिकारी का हर समय एक्टिव रहें।
त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपने क्षेत्रों से फीडबैक जरूर लें, ताकि समय रहते शरारती तत्वों पर कार्रवाई की जा सके।उन्होंने त्योहारों पर बाजारों में लगने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं की यात्रा पर पुलिस चौकन्ना रहते हुए छोटी छोटी बातों का ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि छोटी छोटी बातें भीड़ में भगदड़ का कारण बन जाती हैं। चेहल्लुम पर 76 ताजियों व 56 स्थानों पर जुलूस निकलेगी। इसके लिए पुलिस विभाग एवं संबंधित विभागों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का दायित्व है कि जिले के नागरिक अच्छे वातावरण में त्योहारो मनाएं।
फूहड़ता और किसी भी तरह की अश्लीलता धार्मिक कार्यों में कोई स्थान नहीं होना चाहिए। किसी भी जुलूस में अश्लील गाने नहीं बजेंगे। सुरक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने ढीले तारों को तत्काल सही कराने का निर्देश दिया।
एएसपी निवेश कटियार ने कहा कि त्यौहारों को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से समस्त व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर लिया गया है। सोशल मीडिया पर विशेष रूप से नजर रखी जा रही है। अनावश्यक और भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दिशा में सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एडीएम वैभव मिश्रा, एडीएम न्याययिक प्रेम कुमार राय आदि मौजूद रहे।