पडरौना। फाजिलनगर कस्बा के बघौचघाट मोड़ के पास कस्बे के लोगों की बैठक हुई। इसमें बघौचघाट मोड़ पर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई गई।सामाजिक कार्यकर्ता केदार सिंह ने कहा कि बघौचघाट मोड़ पर हर दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसमें कई लोगों की जान चली गई, तो कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जो लंबे समय तक इलाज के बाद स्वस्थ हो सके हैं। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह फ्लाई ओवर का निर्माण जरूरी है। इसके लिए कई बार एनएच के अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेताया कि यदि शीघ्र फ्लाईओवर का निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो दो अक्तूबर से अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान सदारसी गौड़, वीरेंद्र यादव, जीतेंद्र पांडेय, जुनाब अली, सत्यदेव पांडेय, बलिराम प्रसाद, लाल मुहम्मद अंसारी, नौरंगी सिंह आदि मौजूद रहे।