मृतक पति-पत्नी और बेटे की फाइल फोटो, गभीर रुप से घायल बेटी अस्पताल में भर्ती
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला थाना क्षेत्र में मंगलवार को सुबह मदनपुर देवी के दर्शन करने जा रहे बाइक सवार दंपती व बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। वह मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में जीवन और मौत से जूझ रही है। हादसा नेबुआ नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर खोटही निर्भया गांव के पास टैंकर की टक्कर से हुआ।
बाइक सवार हेलमेट पहना था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि हेलमेट और सिर के चिथड़े उड़ गए। गोरखपुर जिले के पिपराइच नगर पंचायत के वार्ड संख्या-17 शास्त्रीनगर निवासी रामलखन मद्धेशिया (38) अपनी पत्नी शशिकला (35), पुत्र रौनक (11) और पुत्री लाडो (14) के साथ मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से एक ही बाइक से बिहार प्रांत के बगहा जिले के मदनपुर देवी मंदिर में दर्शन के लिए घर से निकले।
सुबह करीब आठ बजे अभी नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर खोटही निर्भया गांव के समीप अंधे मोड़ के पास सामने से तेज गति से आ रहे टैंकर ने बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसे में रामलखन, उनकी पत्नी शशिकला और पुत्र रौनक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटी लाडो गंभीर रूप से घायल हो गई है।
हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। टैंकर के नीचे फंसे बाइक सवारों को लोगों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला और लाडो को सीएचसी पर भेजा। प्राथमिक इलाज के बाद डाॅक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना पर आई पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया और परिजनों को सूचना दी।
-
जहां हादसा हुआ है वहां पर अंधा मोड़ है। टैंकर की गति तेज होने के कारण हादसा होने की बात जांच में सामने आई है। तीनों शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के भाई गणेश मद्धेशिया की तहरीर पर टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। -बीके सिंह, सीओ खड्डा