फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: हत्यारोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार, अन्य पर मेहरबान

Mon, 01 May 2023 12:43 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
रामकोला रानी चौरसिया के हत्या में आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेजती पुलिस।संवाद
विज्ञापन
रानी चौरसिया की मौत का मामला, पति सहित सात के खिलाफ दहेज हत्या का दर्ज हुआ था मुकदमा
विज्ञापन

मृतका की मां बोली, रामकोला पुलिस पर नहीं है भरोसा, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार


संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। रामकोला थाना क्षेत्र के राजपुर खास गांव में बीते 23 अप्रैल को विवाहिता रानी चौरसिया के हत्यारोपी पति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इसकी जानकारी होते ही मृतका की मां ने कहा कि अमर उजाला ने मेरी आवाज उठाई थी। तब जाकर मुकदमा दर्ज हुआ था। रामकोला पुलिस पर उसे भरोसा नहीं है। पुलिस अन्य आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है। मृतका की मां ने मुख्ममंत्री से गुहार लगाई है।
अमर उजाला में 26 अप्रैल को प्रेम प्रसंग के शक में झगड़ा, चलती जीप से कूदी महिला, पति पर हत्या का आरोप शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। 27 अप्रैल को हत्या जैसे मामले में समझौता कराने पर तुली थी पुलिस शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई। इसे संज्ञान लेते हुए एसपी ने थाने को फोन किया। उसके कुछ ही मिनटों बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज की कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि उसके पहले तहरीर नहीं मिलने की पुलिस बात कह रही थी।
विज्ञापन

मुकदमा दर्ज होने के समय वादी तकरीबन 70 किलोमीटर दूर महराजगंज जनपद में अपने घर थी। पुलिस ने एसपी के निर्देश पर पति सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
महराजगंज जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव निवासी एवं मृतका की मां रीना चौरसिया ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पुत्री रानी चौरसिया की शादी हिंदू रीति-रिवाज से 25 नवंबर 2020 को कुशीनगर जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के राजपुर खास निवासी उपेंद्र चौरसिया से की थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि 23 अप्रैल की रात रानी के पति उपेंद्र व रामदुलारे पुत्र स्व. मोतीलाल, सास यशोदा पत्नी स्व. मोतीलाल, भाभी ममता पत्नी रामदुलारे, ननद अंजली पत्नी नारद चौरसिया, बिंदु पत्नी राकेश, गीता पत्नी दिनेश ने बुरी तरह से मार-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई थी। रविवार को पुलिस ने मृतका के पति उपेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

मृतका के पति ने हत्या की बात नहीं की स्वीकार
दूसरी ओर आरोपी पति उपेंद्र का कहना है कि बीते रविवार की रात रानी से मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद हुआ था। रात के 11 बजे जीप बुककर पत्नी को मायके छोड़ने के लिए चल दिया। अभी वह हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर स्थित सेमरा गांव के पास पहुंचा था, उसी समय उसकी पत्नी रानी चलती गाड़ी से कूद गई। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। बताया जा रहा है कि पति उपेंद्र उसे अस्पताल न ले जाकर घर लेकर चला गया। घर में महिला की कुछ देर बाद मौत हो गई।

दो तरह की बात बताई
मृतका के पति ने पहले रानी को बाइक से ले जाने की बात बताई। फिर चार पहिया वाहन से ले जाने की बात करने लगा। रविवार को भी चार पहिया वाहन की बात बताता रहा।
खड्डा सीओ कार्यालय में मृतका की मां का हुआ बयान, बोली रामकोला पुलिस पर नहीं भरोसा
मृतका की मां रीना चौरसिया ने बताया कि कई दिनों से खड्डा सीओ कार्यालय से फोन करके बुलाया जा रहा था। बेटी के जाने के बाद से सेहत खराब हो गई है। शनिवार को खड्डा पहुंची तो एक दीवान ने बयान लिया। उसने बताया कि 24 अप्रैल को 10 बजे तहरीर दी थी, लेकिन रामकोला की पुलिस ने तहरीर को दबाए रखा। मृतका की ससुराल वालों को बचाने के लिए पुलिस लगी हुई थी। बयान में बताया कि मृतका के पति सहित सात व अन्य लोगों ने मारपीट कर मार डाला।

मृतका के पति के बारे में दी यह जानकारी
मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी ने उसे बताया था कि उसके पति की पहले से उसकी भाभी से नजदीकी है। इस बात को लेकर कई बार विवाद भी हो चुका था। मृतका की मां ने बताया कि आरोपी उपेंद्र उसकी बेटी का बनाया हुआ भोजन नहीं करता था। वह अपनी भाभी के घर ही भोजन करता था। आए दिन उससे मिलता रहता था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद चलता था। उसने बताया कि हत्या की वजह अवैध संबंध थी।

रामकोला पुलिस पर नहीं भरोसा, मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
मृतका की मां रीना ने बताया कि रामकोला की पुलिस उसकी बेटी के ससुराल वाले को बचाने में जुटी हुई है। मुकदमा दर्ज होने बाद आरोपी पति को प्रधान के कहने पर छोड़ दिया गया। पांच दिन बीतने के बाद सीओ के यहां बयान होने के बाद सिर्फ एक आरोपी काे गिरफ्तार किया गया। अन्य को गिरफ्तार नहीं किया, जबकि वे उसकी बेटी को मारने के बाद आराम से घर में रह रहे हैं। पुलिस उन पर पहले दिन से ही मेहरबान है। एसपी ने फोन नहीं किया होता तो मुकदमा भी दर्ज नहीं किया गया होता। रामकोला पुलिस पर भरोसा नहीं है। कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है।
विज्ञापन


थानेदार की थी शिकायत
मृतका की मां रीना ने बताया कि तहरीर रामकोला के थानाध्यक्ष ने दबाया था। बयान के लिए शनिवार को खड्डा में सीओ कार्यालय गई थी। इसकी शिकायत करनी थी। मिलने के लिए निकली तो एक पुलिसकर्मी ने बताया कि आज मुख्यमंत्री आए हैं। साहब उसी में रहेंगे। मुलाकात नहीं होगी। दो दिन बाद एसपी से मिलकर शिकायत करूंगी।

वर्जन
मृतका रानी के पति को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सीओ विवेचना कर रहे हैं। शेष पर विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-अखिलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष, रामकोला
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें