पति पर लगाया बेटी की हत्या का आरोप
तमकुहीराज। थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी महिला ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि शौहर ने उसके तीन साल की बेटी के सिर पर हथौड़े से प्रहार करके मार डाला और शव को गंडक नहर में फेंक दिया। इसका विरोध करने पर उसके सिर पर हमला करके उसका शौहर फरार हो गया। घटना में उसे भी गंभीर चोट आई। इससे वह मौके पर बेहोश हो गई थी।
तमकुहीराज पुलिस को दी गई तहरीर में लक्ष्मीपुर राजा निवासी बेबी खातून ने आरोप लगाया है कि बीते 15 अगस्त की शाम उसके शौहर ने उसकी तीन साल की बच्ची के सिर पर हथौड़े से वार कर मार डाला। उसके बाद शव को गंडक नहर में फेंक दिया। विरोध करने पर उसके सिर पर वार किया। इससे वह भी लहूलुहान होकर मौके पर बेहोश हो गई थी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचीं सेवरही पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका उपचार कराया। इस घटना में उसके सिर में 50 से अधिक टांके लगे हैं। स्थिति में सुधार होने पर सोमवार को वह तमकुहीराज पहुंची। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस टीम घटना की छानबीन के लिए रवाना हो गई। इस संबंध में तमकुहीराज के थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार राय बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।