रामकोला। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव के होमगार्ड की ड्यूटी प्रयागराज में लगी थी। बृहस्पतिवार की रात सीने में दर्द की शिकायत पर केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी बेटे काे दी गई। परिजन शव के लिए निकल गए। विशुनपुरा गांव निवासी मुश्ताक अंसारी (50) रामकोला में होमगार्ड की नौकरी करते थे। प्रयागराज में इनकी ड्यूटी लगी थी। होमगार्ड की बहन तबरुन निशा ने बताया कि उनसे बुधवार को जब बात हुई तो बताया था कि सीने में दर्द हुआ था, साथियों ने इलाज कराया तो ठीक हो गया। बृहस्पतिवार रात में बेटे अरशद के पास अन्य होमगार्ड का फोन आया। उसने बताया कि तबीयत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इनका निधन हो गया है।