कसया। मूर्ति विसर्जन कर शुक्रवार की रात लौट रहे युवकों की ट्रैक्टर-ट्राॅली कार से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि ट्राॅली पर सवार सात युवक घायल हो गए। हादसा नगर के गोरखपुर मार्ग पर लोहिया पुल के समीप हुआ। घायलों को कसया सीएचसी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छह घायलों को मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। वहीं घायल सत्यम शर्मा और शिवम यादव को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। कसया नगर के गोला बाजार के युवक शुक्रवार की रात दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर ट्राॅली से लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार ने ट्राॅली में ठोकर मार दी, जिससे ट्राली पर सवार युवक ओम शर्मा (16), सत्यम शर्मा (20), चंदन मद्धेशिया (20), दीपक चौधरी (18), पन्ने लाल यादव (30), मंटू मद्धेशिया (20) और शिवम यादव (22) घायल हो गए। एसओ अभिनव मिश्रा ने बताया कि मूर्ति विसर्जन से लौटते समय एक अनियंत्रित कार ने ट्राॅली में ठोकर मार दी, जिसमें कुछ युवक घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।