पडरौना (कुशीनगर)। पशु तस्करी और जाली नोट खपाने वाले गैंग के गुर्गे को बुधवार की भोर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार मुस्तकीम तरयासुजान थाना क्षेत्र के भूलिया अगरवा गांव का रहने वाला है। वह कुख्यात पशु तस्कर के साथ जाली नोट के धंधेबाज सपा नेता रफी खान के गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है। 25 हजार के इनामी मुस्तकीम के पास से 30 हजार रुपये के जाली नोट और पशु तस्करी में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद हुआ है।
तमकुहीराज निवासी सपा नेता रफी खान उर्फ बबलू खान और औरंगजेब समेत 10 आरोपियों को जाली नोटों, अवैध असलहे और बम बनाने की सामान के साथ पुलिस गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। इस गैंग से जुड़े अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस को बुधवार की भोर में पशु तस्कर के बिहार भागने की सूचना मिली। साइबर सेल समेत पुलिस की चार टीमें सेवरही थानाक्षेत्र के बनटोलिया आम के बगीचे में घेराबंदी कर वाहन चेकिंग में जुट गईं।
इस बीच एक बाइक सवार आता दिखा। पुलिस ने टार्च जलाकर रुकने का इशारा किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई और वह जमीन पर गिर गया। पुलिस ने उसकी पहचान तरयासुजान थाना क्षेत्र के भूलिया अगरवा गांव निवासी मुस्तकिम के रूप में की। उसके पास से 30,000 रुपये के जाली नोट, दस हजार नकदी, एक तमंचा, बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की। घायल मुस्तकिम काे पुलिस मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां उसका इलाज कराया गया। बाद में उसकी निशानदेही पर दो पशु भी बरामद किए गए।
कोट
दो दिन पहले जाली नोट के धंधेबाज जिन 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, मुठभेड़ में गिरफ्तार मुस्तकिम भी उन्हीं के गैंग से जुड़ा है। उसके मोबाइल से कुछ नंबर ऐसे मिले हैं, जो जिले के अलावा बिहार के लोगों के हैं। उन संदिग्ध लोगों को भी पुलिस टीम ट्रेस कर रही है।- संतोष कुमार मिश्रा, एसपी
00
सेवरही पुलिस कर चुकी है गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई
पुलिस मुठभेड़ में घायल मुस्तकिम पर सेवरही, तमकुहीराज और तरयासुजान थाने में आठ केस दर्ज हैं। सेवरही पुलिस ने गैंगस्टर की भी कार्रवाई की है। वह पशुओं को बॉर्डर पार कराने के साथ ही बिहार के तस्करों की मदद से बेचता रहा है। पुलिस के अनुसार, मुस्तकिम काफी दिनों से इस धंधे में सक्रिय था। मुठभेड़ के दौरान जाली नोट बरामद होने के बाद पुलिस इसके धंधेबाजों से भी मुस्तकिम का कनेक्शन खंगाल रही है।