पडरौना। मथुरा में आयोजित सब जूनियर राज्य स्तरीय बालिका मुक्केबाजी प्रतियोगिता में हाटा के खिलाड़ियों ने तीन गोल्ड और एक रजद जीता है। इन खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले के खिलाड़ी और खेल प्रेमियों ने बधाई दी है। कोच धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की तरफ से स्वर्गीय पहलवान मोहन सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम मथुरा में सब जूनियर बालिका राज्य स्तरीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। 20 से 23 जुलाई तक चले इस आयोजन में हाटा की खिलाड़ियों ने गोरखपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए भिन्न-भिन्न भार वर्गों में तीन गोल्ड एवं एक रजत पदक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि हाटा के अंबेडकर नगर निवासी आकांक्षा कुशवाहा ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में, देवरिया निवासी तेजस्विनी गुप्ता ने 40 किलो भार वर्ग और इंदिरा नगर निवासी खुशी तिवारी ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल हासिल किया है। उन्होंने बताया कि ये सभी खिलाड़ी छह से 14 अगस्त तक नोएडा में आयोजित सब जूनियर बालिका नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।