कमरे में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव
- छह माह पूर्व प्रेम प्रसंग में हुई थी थाने में शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपरा बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बलकुड़िया में बृहस्पतिवार की भोर में 24 वर्षीय एक विवाहिता का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता मिला। सुबह कमरे में पहुंची सास अपनी बहू का शव देखकर बेहोश हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उसका छह माह पूर्व ही परतावल थाने में प्रेम विवाह हुआ था। वहीं मायकेवालों ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, थाने में अभी तहरीर नहीं दी गई है।
बलकुड़िया निवासी लालबहादुर चौहान के पुत्र बलिस्टर का छह माह पूर्व महराजगंज जनपद के परतावल थाना क्षेत्र के लखिमा निवासी राजेश उर्फ गुड्डू की पुत्री करीना से शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद पति बलिस्टर महाराष्ट्र कमाने चला गया। बुधवार रात विवाहिता के घर के पास ही लक्ष्मी पूजा के अवसर पर कार्यक्रम हो रहा था। कार्यक्रम देख वह आधी रात बाद अपने घर में सोने चली गई।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार की भोर चार बजे विवाहिता ने अपने पति से मोबाइल से बात की थी। पांच बजे उसकी सास जब कमरे में पहुंची तो करीना का शव फंदे से लटकता मिला। इसके बाद सास शोर मचाई और बेहोश हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसएचओ अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। यदि मायके वाले तहरीर देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।