- फाजिलनगर के सिनेमाहाल की घटना, पुलिस ने समझाकर शांत किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। कस्बे के एक टाकीज में शनिवार को फिल्म चलने के दौरान तकनीकी कारणों से पिक्चर साफ नहीं आने से नाराज दर्शकों ने जमकर हंगामा किया। सिनेमा हाल का पर्दा और पोस्टर आदि फाड़ दिए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस सभी दर्शकों का पैसा वापस कराने का आश्वासन पर शांत कराई। कस्बे के इस सिनेमा हाल में गदर-टू फिल्म का प्रदर्शन हो रहा है। शनिवार को दूसरे शो में लगभग 250 दर्शक सिनेमा देख रहे थे। अभी फिल्म का कुछ अंश बाकी था। इसी दौरान तकनीकी कारणों से पिक्चर साफ नहीं आ रहा था। कुछ देर तो दर्शक अपनी सीट पर बैठे बैठे ही ठीक करने की मांग करते रहे, लेकिन काफी देर तक पिक्चर साफ नहीं आने पर उत्तेजित होकर हंगामा करने लगे। इसी दौरान दर्शकों ने सिनेमा हाल में लगे पर्दे को फाड़ने के साथ पोस्टर आदि भी फाड़ दिए। सिनेमाहाल हाल के प्रबंधक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दर्शकों को समझा बुझाकर शांत कराया। यह तय हुआ कि सभी के टिकट का पैसा वापस कर दिया जाएगा। लोगों के अनुसार इस तरह की घटना शुक्रवार के रात्रि के शो में भी हुई थी। उस समय भी दर्शकों ने काफी हंगामा किया था।
इस संबंध में सिनेमाहाल के प्रबंधक किशन गुप्ता ने बताया कि तकनीकी कारणों से कुछ दिक्कतें आई थीं। उसे ठीक किया जा रहा था। उसी बीच दर्शक उतेजित हो गए। पटहेरवा के थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि सिनेमा हाल में फिल्म प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने ठीक से फिल्म नहीं चलने पर हंगामा किया था। सभी दर्शकों का सिनेमा हाल प्रबंधन से बात कर टिकट का पैसा वापस कर घर भेज दिया गया।