पडरौना। एक ईंट-भट्ठे पर दो करोड़ से अधिक कोयले की खरीद-फरोख्त में जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। शनिवार को गोरखपुर से पहुंची जीएसटी की टीम ने चौराखास थाना क्षेत्र के कोइलसवा बुजुर्ग में एक ईंट-भट्ठे पर छापा मारा। मौके पर करीब तीन घंटे तक टीम रिकॉर्ड खंगालती रही। ईंट-भट्ठे पर मौजूद ईट की गिनती किया। हालांकि टीम की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। लेकिन 40 लाख से अधिक टैक्स चोरी का मामला सामने आया है।
देवरिया जिले के एक सपा नेता का ईंट-भट्ठा कुशीनगर जिले के चौराखास थाना क्षेत्र के कोइलसवा में संचालित होता है। गोरखपुर से जीएसटी की टीम ईट भट्ठा पर पहुंची। वहां पर मौजूद मुंशी से बात करने के बाद मजदूरों का नाम डायरी में नोट किया। इसके बाद ईंट-भट्ठे पर मौजूद ईंट की गिनती शुरू की। काफी देर तक ईंट-भट्ठे पर टीम जमी रही और ईंट-भट्ठा मालिक का इंतजार करती रही। गोरखपुर जीएसटी के उपायुक्त सुनील वर्मा ने बताया कि ईंट-भट्ठे पर दो करोड़ से अधिक के काेयले की खरीद-फरोख्त हुई है। खरीद और रिटर्न दाखिल करने में अंदर मिलने पर जांच की जा रही है। करीब 40 लाख का टैक्स चोरी का मामला सामने आ रहा है। जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट होगा।