फाजिलनगर। ग्राम प्रधान संघ की तरफ से शनिवार की शाम विद्युत उपकेंद्र फाजिलनगर के अवर अभियंता को पांच सूत्री मांग पत्र सौंपा है। इसमें संघ से जुड़े प्रधानों ने उपकेंद्र की तरफ से हो रही अघोषित बिजली कटौती बंद करने समेत अन्य मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष व ग्राम प्रधान सोनबरसा (नोनिया पट्टी) सुरेंद्र सिंह कुशवाहा की अगुवाई में विद्युत उपकेंद्र पहुंचे प्रधानों ने कहा कि क्षेत्र में फॉल्ट, ट्रिपिंग, ब्रेकडाउन आदि के नाम पर हो रही बिजली कटौती बंद होनी चाहिए। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रधानों ने जर्जर तार, पुराने उपकरण को बदलने व लाइनमैन की मनमानी पर नाराजगी जताई। जेई शशिकपूर ने कहा कि मांग पत्र ले लिया गया है। आपूर्ति के घंटों के सुधार में विभाग के कर्मचारी लगे हैं। जल्द हालात सुधरेंगे। इस हरिलाल यादव,कमल नयन सिंह, विश्वजीत सिंह, मुन्ना अंसारी, राजेश राय, अजय तिवारी आदि प्रधान मौजूद रहे।