तमकुहीराज। आदर्श नगर पंचायत तमकुहीराज के वार्ड नंबर पांच गोविंदनगर स्थित पुराने नगर निकाय कार्यालय के पास स्थित तिराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। इससे तिराहे की सूरत जल्द बदल जाएगी। नगर पंचायत में करीब 37.58 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले सुंदरीकरण की कार्य योजना तैयार हो गई है। इसके बाबत टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा आदर्श नगर पंचायत तमकुहीराज के विभिन्न वार्डों में विभिन्न विकास कार्य जारी है। नगर पंचायत प्रशासन की ओर से पुराने कार्यालय के सामने स्थित वार्ड नंबर पांच (गोविंदनगर ) स्थित तिराहे की सूरत संवारने के लिए कार्य योजना तैयार किया गया है। इस बाबत 37.58 लाख रुपये भी जारी किए गए हैं। इस धनराशि से तिराहे के सुंदरीकरण का कार्य होगा। इसके अंतर्गत पानी का फव्वारा, तिरंगा, भारत रत्न, पूर्व पीएम अटल बिहार वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा, पाथ वे, विक्टोरिया लाइट, बेंच आदि स्थापित करना प्रस्तावित है।