- पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने रेलवे स्टेशन का लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना/कप्तानगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने बुधवार को कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। उन्होंने रेल कर्मचारियों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महाप्रबंधक ने कर्मचारियों को चेताया कि यदि यात्री सुविधाएं मुहैया कराने में कोताही हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण गोरखपुर से विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए कप्तानगंज पहुंचे। उन्होंने अमृत भारत योजना के तहत कप्तानगंज स्टेशन के भवन सुधार, सर्कुलेटिंग एरिया का सुंदरीकरण, यात्री आरक्षण भवन के सुधार समेत यात्री सुख-सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी कार्य समय सीमा में मानक के अनुरूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पैनल, यात्री प्रतीक्षालय, प्लेटफार्म, पैदल उपरिगामी सेतु एवं स्टेशन पर स्थित कार्यालयों का जांच की।
इसके बाद पडरौना रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेल खंड के रेल पथ की डीप स्क्रीनिंग के साथ ओवरहेड ट्रैक्शन लाइन के एलाइनमेंट आदि की जांच की। इस दौरान प्रमुख मुख्य इंजीनियर रंजन यादव, मंडल रेल प्रबंधक रामाश्रय पांडेय, मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक आलोक कुमार सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (प्रशासन) राहुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राकेश रंजन, ऋषि श्रीवास्तव, सत्यम सिंह, संजीव शर्मा आदि मौजूद रहे।
क्या होता है विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
ट्रेन में सबसे पीछे एक अलग से विशेष निरीक्षण डिब्बा लगाया जाता है, जिसमें खिड़की लगी हुई रहती है। ट्रेन में ही बैठे-बैठे अधिकारी खिड़की से ही स्टेशन और पटरियों की व्यवस्था देख लेते हैं। इस व्यवस्था को ही विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कहा जाता है। रेल अधिकारी अपने निरीक्षण के दौरान इसी विधि का प्रयोग करते हैं।