-जटहां बाजार पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया
-स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने भाइयों के साथ घर जा रही थी छात्रा
-कॉलेज प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो को दबोचा
मंसाछापर। स्कूल से छुट्टी होने के बाद छोटे भाइयों को साइकिल से लेकर घर जा रही छात्रा के साथ सरेराह चार युवकों ने छेड़खानी की। विरोध करने पर छात्रा की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पडरौना कोतवाली के एक गांव की रहने वाली किशोरी जटहां बाजार थाना क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में कक्षा आठ में पढ़ती है। इसी कॉलेज में इसके तीन छोटे भाई भी पढ़ते हैं। रोज की तरह सोमवार की शाम कॉलेज से छुट्टी होने पर साइकिल से तीनों भाइयों को लेकर घर जा रही थी। रास्ते में चार युवकों ने उसे रोक लिया और भाइयों के सामने छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर चारों युवकों ने छात्रा और उसके भाइयों की पिटाई कर दी।
घटना के बाद छात्रा अपने भाइयों को लेकर कॉलेज वापस गई और प्रिंसिपल को जानकारी दी। प्रिंसिपल की सूचना पर जटहां बाजार पुलिस पहुंची। मौके पर दो आरोपी पकड़ लिए गए। पुलिस ने चारों युवकों पर मारपीट, पाॅक्सो एक्ट और छेड़खानी का केस दर्ज कर लिया है। तीन आरोपी छात्रा के गांव के हैं और चौथा पड़ोसी गांव का रहने वाला है। इस बाबत एसओ राजकुमार बरवार ने बताया कि केस दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।