पटहेरवा/फाजिलनगर। पटहेरवा थाना क्षेत्र के हाईवे पर काजीपुर गांव के सामने शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे पिकअप की चपेट में बाइक आ गई। बाइक पर बैठे दंपती व बच्ची भी पिकअप की चपेट में आ गए। पिकअप में फंसकर बाइक करीब 20 मीटर तक घिसट गई। इससे एक साल की बच्ची की मौके पर मौत हो गई। पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें एंबुलेंस की सहायता से फाजिलनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चौरा खास थाना क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी शहाबुद्दीन (28) पत्नी शाबरा खातून (25) अपनी एक वर्षीय पुत्री शाना खातून इलाज कराने तमकुहीराज गए थे। वहां से वह बाइक से घर वापस लौट रहे थे। अभी वे हाईवे पर काजीपुर गांव के सामने पहुंचे थे, तभी एक अनियंत्रित पिकअप की चपेट में आ गए। इससे शाना खातून की मौके पर ही मौत हो गई। पिकअप में बाइक सहित फंसे शहाबुद्दीन करीब 20 मीटर तक घिसट गए। दुर्घटना के बाद पिकअप छोड़कर चालक भाग गया। घटना के बाद जुटे आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी पहुंचाने में मदद की।
इस संबंध में पटहेरवा के थाना प्रभारी उमेश सिंह ने बताया दोनों वाहनों को कब्जे में लिया गया है। बच्ची की मौत हो गई है। दंपती घायल हैं। महिला की हालत डॉक्टर ने गंभीर बताई है।