दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही-पडरौना मार्ग पर बैकुंठपुर कट के पास तीन बाइकों में टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सड़क किनारे खड़ा युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, इस हादसे के बाद युवती को मौके पर ही छोड़ बाइक सवार युवक वहां से भाग निकला। इस मामले में एक युवती को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
बरवापटटी थाना क्षेत्र के पुष्कर नगर के हनुमान चौक निवासी सुग्रीव प्रसाद की 22 वर्षीय पुत्री पूनम बगल के गांव धोकरहां निवासी नेहा के धोबीघटवा चौराहे पर स्थित सिलाई सेंटर में सिलाई-कढ़ाई सीखती थी। बृहस्पतिवार को भी सिलाई सीखने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक एक महिला के साथ पूनम को बाइक पर बैठाकर कहीं ले जा रहा था। जबकि दूसरी बाइक पर सिलाई सेंटर की नेहा को बैठाकर एक युवक जाने लगा। दोनों बाइक सवार दुदही-पडरौना मार्ग पर बैकुंठपुर कोठी कट के पास पहुंचे थे कि विपरीत दिशा से आ रहे एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों ने, जिस बाइक पर पूनम बैठी थी, उसमें टक्कर मार दी। अनियंत्रित बाइक ने सड़क किनारे खड़ी दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। इससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही सिर में गंभीर चोट लगने से पूनम की मौत हो गई। वहीं, दुर्घटना के बाद तीनों बाइक सवार वहां से भाग निकले। इसके अलावा बाइक पर बैठी महिला व चालक भी मृतक पूनम को छोड़कर भाग गए। घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार नेहा वहां पहुंची और रोने लगी। जिस बाइक पर नेहा बैठी थी, उस बाइक का चालक भी उसे छोड़कर भाग निकला। जानकारी होने पर पहुंचे मृतक युवती के परिजन कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस इस मामले में नेहा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।