गुरवलिया बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के देवपोखर में मोबाइल फोन को चार्ज करने के लिए प्लग में चार्जर लगाते समय करंट की चपेट में आने से युवती की मौत हो गई। घटना के बाद घर पर चीख-पुकार मच गई। दोपहर बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
देवपोखर गांव निवासी रामानंद गौड़ की 19 वर्षीय पुत्री बबली गौड़ सोमवार की दोपहर करीब दो बजे मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए प्लग में चार्जर लगा रही थी। इस दौरान करंट की चपेट में आने से अचेत होकर गिर पड़ी और उसकी मौत हो गई। घटना के समय उसकी मां मुन्नी देवी दूसरे कमरे में सो रही थीं। मां की जब नींद खुली तो वह बेटी के कमरे में गईं। बेटी को अचेत देख वह बेसुध हो गईं और शोर मचाने लगीं। शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने देखा कि बबली फर्श पर मृत पड़ी है। रामानंद गौड़ देवपोखर चौराहे पर इलेक्ट्रिशियन का कार्य कर रहे थे। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। दोपहर बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।