तमकुहीरोड। तमकुहीरोड-तरयासुजान रेलमार्ग पर सुमही संतपट्टी गांव के सामने रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती ट्रेन के इंजन के आगे कूद गई। गंभीर रूप से घायल युवती को पुलिस सेवरही सीएचसी भिजवाई। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तमकुहीरोड-तरयासुजान रेलमार्ग पर सुमही संतपट्टी गांव के पास रविवार दोपहर तरयासुजान की ओर से ट्रेन का इंजन तमकुहीरोड आ रहा था। बताया जा रहा है कि इंजन जब गांव के पास से गुजर रहा था, तभी एक युवती तेजी से सामने आ गई। वह इंजन के अगले हिस्से से टकराकर लाइन के बगल में गिर गई। उसका सिर फट गया और नाक मुंह से खून आने लगा। घटना के बाद ग्राम प्रधान पूरन यादव आदि पहुंच गए और सेवरही पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल सूबेदार यादव ने युवती के पास से मोबाइल बरामद किया। युवती की शिनाख्त अंशु तिवारी ( 25) पुत्री बृजकिशोर तिवारी निवासी बाजारी टोला थाना ठकरहा जिला पश्चिमी चंपारण बिहार के रूप में हुई। पुलिस ने फोन से उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी और गांववालों की मदद से एंबुलेंस से युवती को सेवरही सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सक अभी जांच पड़ताल कर ही रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही चौकी इंचार्ज दीपक सिंह भी अस्पताल पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर उसके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।