डीएम के नाम का दुरुपयोग कर मांगा गिफ्ट कार्ड
पडरौना। जालसाजों ने डीएम के नाम का दुरुपयोग कर बिजनेस एकाउंट के माध्यम से अमेजन गिफ्ट कार्ड मांगा है। इसका पता चलने पर डीएम ने अधिकारियों को आगाह किया है।
डीएम एस. राजलिंगम ने बताया कि किसी व्यक्ति ने उनके नाम का दुरुपयोग कर अधिकारियों से व्हाट्सएप बिजनेस एकाउंट के माध्यम से अमेजन गिफ्ट कार्ड की मांग की है। उन्होंने बताया कि एनआईसी की वेबसाइट से फोटो डाउनलोड कर कोई व्यक्ति जनपदीय अधिकारियों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहा है। उसका व्हाट्सएप नंबर 8103974050 है।
डीएम ने सभी अधिकारियों को सूचित करते हुए बताया कि इस प्रकार के किसी अज्ञात नंबर से किसी कॉल या व्हाट्सएप मैसेज आने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस को सूचना दे दी गई है। पुलिस की तरफ से इस मामले की छानबीन की जा रही है। संवाद