संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। सेवरही सहित अन्य क्षेत्रों में 14 जुलाई से होने वाली गन्ना विभाग की समितियों का चुनाव दूसरी बार शासन के निर्देश पर टाल दिया गया है। इसके पहले समितियों का चुनाव 20 जून से 18 जुलाई के बीच कराना था, लेकिन उस पर भी रोक लगा दी गई थी।
सेवरही, दुदही व तरयासुजान सहित अन्य कई क्षेत्रों में गन्ना विभाग की समितियों का चुनाव 14 जुलाई से शुरू होने वाला था। निर्वाचन आयुक्त राजमणि पांडेय ने प्रदेश में निकल रही कांवड़ यात्रा का हवाला देते हुए और उत्तर प्रदेश सहकारी समिति अधिनियम 1965 की धारा-2 (3) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए अब इस चुनाव की प्रक्रिया पर अग्रिम आदेश तक के लिए रोक लगा दी है।
इस संबंध में सेवरही केन यूनियन के सचिव रामाश्रय यादव ने बताया कि निर्वाचन आयुक्त के आदेश पर चुनाव प्रक्रिया स्थगित कर दी गई है। पुनः आदेश आने के बाद समितियों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।