संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। क्षेत्र के रजवटिया ग्राम सभा की एक महिला ने फाइनेंस कंपनी में रुपये जमा कराकर दो गुना करने के नाम पर ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के लिए महिला कोर्ट में चली गई थी। कोर्ट के आदेश पर यह रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के रजवटिया ग्रामसभा के पश्चिम टोला की सुमन मिश्रा ने 156(3) के तहत न्यायालय में वाद दाखिल किया। महिला ने कहा कि पटहेरवा निवासी सुनील कुमार श्रीवास्तव का हमारे घर आना जाना था। वह फरवरी 2010 में मेरे घर आया और कहा कि मैं इन्दु वेयर इंडस्ट्रीज लिमिटेड में काम करता हूं। जो फाइनेंस कंपनी है, और शेयर का काम करती है। उस कंपनी में शेयर खरीदने पर तीन साल में पैसा दोगुना हो जाएगा।
सुमन मिश्रा और उनके पति को झांसे में लेकर 663000 रुपये विभिन्न तिथियों में लेकर उसे फाइनेंस कंपनी में जमा कराया। इसका प्रमाणपत्र देकर कहा कि तीन साल में रुपया दोगुना हो जाएगा। इसके बाद सुनील ने उनके घर आना जाना कम कर दिया। कंपनी की शाखा पर जाने पर आरोपी ने बताया कि शेयर मार्केट डाउन चल रहा है। इसलिए पैसे को छह साल के लिए जमा करा दिया गया है। अब आपको 10 गुना पैसा मिलेगा। छह साल बाद मालूम हुआ कि कंपनी की शाखा बंद हो गई।
काफी प्रयास के बाद भी रुपये नहीं मिले, तो पीड़ित ने 26 जून 2022 को आरोपी के घर जाकर रुपये मांगे। इस पर उसने जानमाल की धमकी दी।
इसकी सूचना पटहेरवा पुलिस और पुलिस अधीक्षक को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पटहेरवा पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी ,धमकी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।