पडरौना। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के मधवलिया गांव निवासी छोटेलाल मल्ल के भाई आनंदेश्वर से कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिकटा बड़गांव के टोला धर्मागर छपरा निवासी चंद्रप्रताप उर्फ भीम सिंह ने विदेश भेजने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये ले लिया। इसके बाद उसने फर्जी वीजा व कूटरचित दस्तावेज थमा दिया। आरोप है कि आनंदेश्वर जब दिल्ली से फ्लाइट में बैठने के लिए गए तो उन्हें पता चला कि वीजा, हवाई टिकट आदि सब फर्जी है। इसके बाद वे घर लौटकर चले गए। छोटेलाल ने बताया है कि आरोपी चंद्रप्रताप उर्फ भीम सिंह से जब रुपये की मांग की गई तो वह रुपये देने से इन्कार करने लगा। एसपी को शिकायती पत्र सौंप पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। इसको गंभीरता से लेते हुए एसपी ने अहिरौली बाजार थाने की पुलिस को केस दर्ज करने का निर्देश दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। संवाद