पडरौना। कसया में लक्ष्य सिक्योरिटी गार्ड का आफिस खोलकर बाल विकास पुष्टाहार विभाग में ब्लॉक कोआर्डिनेटर की नौकरी लगाने के नाम पर जिले के 100 से अधिक बेरोजगारों से एक करोड़ से अधिक रुपये लेकर जालसाज दंपती चंपत हो गया। ठगी के शिकार लोगों की शिकायत पर कसया पुलिस ने सात लोगों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। इसके पहले केबुरेस्थान थाने में भी जालसाज के खिलाफ केस दर्ज हो चुका है। एसपी से मिलकर लोगों ने विवेचना में तेजी लाने और आरोपियों से रकम दिलाने की मांग की है। एसपी ने कसया पुलिस को कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के अन्हारीबारी गांव निवासी संतोष कुमार और इसकी पत्नी इंदू देवी कसया नगर के सपहा रोड पर किराए के मकान में करीब तीन साल पहले लक्ष्य सिक्योरिटी गार्ड के नाम से ऑफिस खोल रखा था। सिक्योरिटी गार्ड में नौकरी देने के साथ-साथ जिले के 100 से अधिक लोगों से देवरिया और सिद्धार्थनगर जिले में बाल विकास पुष्टाहार विभाग में ब्लॉक कोआर्डिनेटर पद पर नौकरी देने के नाम पर एक करोड़ से अधिक रुपये की वसूली की। बाद में हाईवे के किनारे गोपालगढ़ में पानी टंकी के पास जमीन खरीदकर मकान बनवा लिया और वहीं ऑफिस संचालित करने लगा।
करीब एक साल पूर्व फाजिलनगर कस्बे में कुछ लोगों ने संतोष का चार पहिया वाहन छीन लिया और नौकरी के नाम पर लिए गए रुपये वापस करने की मांग करने लगे। इसके बाद बाकी लोग दबाव बनाने लगे। मामला बढ़ता देख संतोष और इसकी पत्नी मकान में ताला बंद कर फरार हो गए और ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी भी भूमिगत हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि 21 लाख रुपये बैंक अकाउंट और बाकी रुपये नकद लिया है।
कुशीनगर जिले के अलावा देवरिया, गोपालगंज जिले के भी बेरोजगार ठगी के शिकार हुए हैं। इस मामले में ठगी के शिकार हुए हाटा कोतवाली क्षेत्र के लंगड़ी गांव निवासी मुंशी गुप्ता,सहनाज खातून, धीरज की शिकायत पर कसया पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर संतोष कुमार, इनकी पत्नी इंदू देवी, कंपनी के वर्कर अमरेंद्र, रामप्रीत, विचंडी, अभिषेक, प्रेम कुशवाहा और कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सहजवलिया गांव निवासी प्रद्युम्न पांडेय उर्फ बुटान के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
एसपी संतोष कुमार मिश्रा से ठगी के शिकार हुए पीड़ित मिलकर जालसाजों की गिरफ्तारी की मांग की है। सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि जालसाज समेत ठगी में सहयोग करने वालों पर केस दर्ज है। विवेचना की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।