पटहेरवा। फाजिलनगर कस्बे में स्थित एक फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक ने लोन रिकवरी एजेंट पर गबन का आरोप लगाया है। शाखा प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रिकवरी एजेंट के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। देवरिया के अरीला गांव निवासी अभिषेक उपाध्याय ने पटहेरवा पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह एलटी फाइनेंस लिमिटेड के फाजिलनगर कार्यालय में शाखा प्रबंधक हैं। कंपनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ऋण दिया जाता है। शाखा प्रबंधक का आरोप है रिकवरी एजेंट ने धोखाधड़ी करके ग्राहकों से ऋण के किस्त की मिली धनराशि 11,850 रुपये कंपनी के खाते में न जमा कर अपने पास रख लिया। थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी विशाल मिश्रा निवासी श्रीनगर कोलुआ, देवरिया पर केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद