रामकोला रोड पर 41.94 लाख की लागत से बनेगी चार पुलिया
- सदर विधायक की पहल पर सुभाष चौक से बावली चौक तक होगा निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए रामकोला रोड पर चार पुलिया का निर्माण कराया जाएगा। सदर विधायक मनीष जायसवाल की पहल पर एनएचएआई की तरफ से 41.94 लाख की लागत से पुलिया बनाने की मंजूरी दी है।
रामकोला रोड पर सुभाष चौक से लेकर बावली चौक तक चार पुलिया बन जाने से नौका टोला, तुलसी कॉलोनी और आवास विकास कॉलोनी के लोगों को जलभराव से निजात मिल जाएगी। सदर विधायक ने बताया कि पुलिया निर्माण के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तेजी से की जाएगी। इसमें किसी तरह की ढिलाई नहीं होगी।
बरसात के मौसम में सुभाष चौक से लेकर रामकोला रोड पर बारिश के दिनों आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में जलभराव होता है। बारिश में ही ओंकार वाटिका, नौका टोला, मुन्ना कॉलोनी, तुलसी कॉलोनी, तिलक नगर, आवास विकास कॉलोनी व बावली चौक समेत अन्य कॉलोनियों में सड़क से लेकर लोगों के घर तक में पानी भर जाता है।
पानी को निकालने में कम से कम चार से पांच घंटे का समय लगता है। इससे लोगों का काफी परेशानी होती है। इस साल बरसात में भी लोगों ने काफी परेशानी उठाई। जलभराव होने पर लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समस्या से निजात दिलाने की मांग उठाई।
लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सदर विधायक मनीष जायसवाल ने पहल की तो बीते अगस्त माह के अंत में एनएचएआई के अधिकारियों ने निरीक्षण करके अविलंब आवश्यक कार्रवाई की बात कही।
राष्ट्रीय राज्यमार्ग लोक निर्माण विभाग खंड गोरखपुर की तरफ से रामकोला रोड पर राजकीय इंटर कॉलेज, नौका टोला चुंगी, सुभाष चौक पर हीरा सिंह के मकान के पास और विपिन साहा के घर पास पुलिया का निर्माण कराने की मंजूरी दी है।
0000
रेलवे लाइन के उत्तर तरफ स्थित सभी कॉलोनियों में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति रहती है। इससे निजात दिलाने के लिए चार पुलिया के निर्माण के संबंध में कार्रवाई तेजी से चल रही है। एनएचएआई की तरफ से इस सड़क पर चार पुलिया के निर्माण की अनुमति मिल गई है। शीघ्र ही पुलिया का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
- मनीष जायसवाल, सदर विधायक