फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: सड़क हादसे में कुशीनगर के चार लोगों की मौत, सात घायल

विज्ञापन
कोटवा गांव में रोती-बिलखती जनार्दन की पत्नी दुर्गा व परिवार की महिलाएं। संवाद
विज्ञापन
- गोरखपुर से कुशीनगर आते समय देर रात जगदीशपुर के पास हुआ था हादसा
विज्ञापन

- दिवाली मनाने घर जा रहे थे छात्र की भी सड़क हादसे में हुई मौत


संवाद न्यूज एजेंसी
कुशीनगर। गोरखपुर के जगदीशपुर के पास बृहस्पतिवार की देर रात हुई भीषण दुर्घटना में कुशीनगर के चार लाेगों की मौत हो गई है। हादसे में सात लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायलों का इलाज गोरखपुर के जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

बस हादसे में रुदवलिया गांव के युवक की गई जान, दो घायल

तुर्कपट्टी। बृहस्पतिवार की देर रात जगदीशपुर के पास हुए हादसे में तुर्कपट्टी के रुदवलिया निवासी सुरेश चौहान की मौत हो गई। हादसे में गांव के ही बलराम चौहान व सत्यजीत गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया।
विज्ञापन


जानकारी के अनुसार सुरेश, बलराम और सत्यजीत एक साथ पुणे की एक कंपनी में वेल्डिंग मिस्त्री का काम करते थे। दिवाली और छठ के अवसर पर गोरखपुर ट्रेन से आने के बाद गांव के लिए अनुबंधित बस से वापस घर आ रहे थे। घायलों ने बताया कि सोनबरसा के पास बस के दो पहिए पंक्चर हो गए। उसके बाद वाहन संचालक ने यात्रियों के लिए दूसरा बस मंगाया। सभी यात्री लाइन से बस में चढ़ रहे थे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस दौरान 6 लोग ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में सुरेश चौहान सहित चार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सुरेश चौहान की तीन साल पहले पूजा से शादी हुई थी। उसका दो साल का बेटा माेनू है। दो भाइयों में सुरेश बड़े थे और परिवार के इकलौते आय के स्रोत थे। सुरेश की मौत की सूचना मिलते ही पूजा बेसुध होकर गिर गई।

छठ पूजन की थी मनौती
परिजनों ने बताया कि सुरेश के बेटे की छठ पूजन की मनौती थी। इसी की तैयारी करने के लिए वह घर आ रहा था। दुर्घटना के बाद पूरे गांव घर में चीख-पुकार मची हुई है। वहीं बलराम चौहान और सत्यजीत चौहान की हालत गंभीर है। इनका इलाज किसी निजी अस्पताल में चल रहा है।


एसडीएम ने बंधाया ढांढस

तुर्कपट्टी। हादसे में रुदवलिया के सुरेश की मौत की सूचना पर एसडीएम कसया योगेश्वर सिंह व तहसीलदार नरेंद्र गांव पहुंचे। परिजनों को ढांढस बंधाया। हलका लेखपाल धर्मेंद्र सिंह को आर्थिक सहायता के लिए निर्देश दिया। सुरेश के परिवार में वृद्ध माता-पिता, पत्नी पूजा, पुत्र, 22 वर्ष का बेरोजगार भाई, एक अविवाहित बहन जिसकी उम्र 20 वर्ष है, सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण बिंदू कुमार यादव, अरविंद कुमार चौहान, अशोक चौहान, बृजलाल चौहान, यादवेंद्र चौहान आदि ने सुरेश की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।

टैंकर चलाकर करता था जीविकोपार्जन हिमांशु
कुबेरस्थान। बृहस्पतिवार की रात जगदीशपुर में हुए हादसे में मिश्रपट्टी गांव के हिमांशु यादव की मौत हो गई। वह टैंकर चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहा था। वहीं, बढ़वलिया निवासी रामबेलास और गंगौली निवासी रविंद्र सिंह घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद तीनों गांव में चीखपुकार मच गई।
मिश्रपट्टी का बनारसी का बेटा हिमांशु कानपुर में रहकर तेल टैंकर चलाता था। परिजनों ने बताया कि तीन भाइयों में हिमांशु सबसे छोटा था। दिवाली में घर आ रहा था कि जगदीशपुर में हुई दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर परिवार में मातम का माहौल है। इसी बस में सवार बढ़वलिया निवासी रामबेलास मुंबई से कमाकर वापस घर आ रहे थे। गंगौली निवासी रविंद्र सिंह विदेश में नौकरी करते है। वह भी इसी बस से वापस गांव आ रहे थे। दोनों हादसे में घायल हो गए।

कोटवा के वेल्डिंग मैकेनिक जनार्दन भी हुआ हादसे का शिकार

पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया के कोटवा बाजार निवासी राधाकिशुन भगत के बड़े लड़के जनार्दन कुशवाहा बस्ती में रहकर वेल्डिंग मैकेनिक का कार्य करते थे। उनके साथ ही पड़ोस के रवीश कुशवाहा भी मजदूरी करते हैं। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात को गोरखपुर से बस से घर लौट रहे थे। ट्रक की चपेट में आने से जनार्दन की मौत हो गई। वहीं साथ रहे रवीश कुशवाहा की कमर और पैर की हड्डी टूट गई है। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। जनार्दन के चाचा जवाहर ने बताया कि रात 9 बजे बात हुई थी तो उस समय जनार्दन ने बताया कि चाचा हम खलीलाबाद पहुंच रहे हैं। कुछ समय बाद फोन मिलाने पर बंद बता रहा था। टीवी पर बस और ट्रक टकराने की खबर देख मन घबराने लगा। संपर्क नहीं हो पाया। पुलिस ने सड़क हादसे में जनार्दन की मौत हो गई है। यह बताते हुए जवाहर फफककर रोने लगे। जनार्दन चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी तीन वर्ष की बेटी परी और एक वर्ष का बेटा अर्पित हैं। पिता गांव के लोगों के साथ शव लेने गोरखपुर गए थे।

छुट्टी में घर आ रहा था खुशियां बांटने, चली गई जान




हाटा। नगरपालिका हाटा के वार्ड संख्या-20 के रहने वाले अशोक सिंह का बेटा नितीश सिंह झांसी में रहकर बीटेक की पढ़ाई करता था। परिवार के साथ दिवाली मनाने घर आ रहा था। हादसे में उसकी भी मौत हो गई। अशोक सिंह के तीन पुत्रों में सबसे छोटा बेटा नितीश सिंह पढ़ाई में मेधावी था। परिवार के साथ दिवाली मनाने के लिए झांसी से चला। घर से कुछ किलोमीटर पहले ही हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर एक किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा ना। अभी पांच दिन पहले ही इसी मुहल्ले के दो युवकों की मौत गोरखपुर में हुए एक हादसे में हुई थी। मुहल्ले के लोग अभी उस गम से उबरे भी नहीं थे कि नितीश की मौत ने एक और जख्म दे दिया।

घायल मुबारक ने दी परिजनों को हादसे की सूचना


पकवा इनार। जगदीशपुर में हुए हादसे में कसया के पकवा इनार डुमरी निवासी मुबारक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मुबारक ने खुद चीखते-चिल्लाते हुए मोबाइल से परिवार के लोगों को दी। यह सुनकर परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन में चार पहिया वाहन से परिवार के लोग दुर्घटना स्थल की तरफ रवाना हो गए। मुबारक के चाचा अनवर अंसारी ने बताया कि मुबारक मुंबई में सिलाई का काम करता है। दिवाली पर घर आ रहा था। बृहस्पतिवार की रात काशी एक्सप्रेस से गोरखपुर पहुंचा था। वहां से बस में सवार होेकर घर आ रहा था। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत ठीक बताई जा रही है। मुबारक अपने परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य है। परिवार में पत्नी नसीबुन निशा व बेटा सज्जाद उर्फ गोलू व दो पुत्रियां सानिया खातून व सईमा खातून हैं। मुबारक तीन भाई हैं। बड़े भाई नन्हें अंसारी घर पर रहते हैं, जबकि छोटा भाई मुमताज भी मुंबई में सिलाई का काम करता है।
विज्ञापन





हनुमानगंज का सोनू बंगलुरु में करता था काम
खड्डा। हनुमानगंज गांव का निवासी सोनू बंगलुरु में रोजी रोटी के लिए गया था। दिवाली पर घर लौटते समय गोरखपुर क्षेत्र के जगदीशपुर के पास हुई दुर्घटना में घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। सॊनू तीन भाइयों में सबसे छोटा व अविवाहित है। उसके बड़े भाई सुकई ने बताया कि सात माह पहले वह रोजी रोटी के लिए बंगलुरु गया था। दिवाली में घर आ रहा था कि दुर्घटना हो गई। उसका बायां हाथ कई जगह से टूट गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें